रांची 7 जुलाई (आरएनएस)। रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (आरसीएचआरसी) में सोमवार को टाटा मेमोरियल सेंटर, नवी मुंबई के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्वेताभ सिन्हा ने शैक्षिक सत्र का संचालन किया। इस दौरान उन्होंने हेड एंड नेक कैंसर के उपचार में नवीनतम वैज्ञानिक प्रमाणों और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर चिकित्सकों के साथ विस्तार से चर्चा की। डॉ. सिन्हा ने बहु-विषयक ट्यूमर बोर्ड की बैठक में जटिल मामलों की समीक्षा की तथा हाल ही में प्रकाशित अरेस्ट ट्रायल के निष्कर्षों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अध्ययन से शुरुआती अवस्था के मुख कैंसर के मरीजों में सर्जरी के बाद रेडियोथेरेपी की आवश्यकता का बेहतर आकलन किया जा सकेगा, जिससे अनावश्यक दुष्प्रभाव कम होंगे और मरीजों की जीवन गुणवत्ता बेहतर बनी रहेगी। उन्होंने आरसीएचआरसी के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग का भी निरीक्षण किया और अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं व मरीज-केंद्रित उपचार व्यवस्था की सराहना की। आरसीएचआरसी के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. गौतम के. शरण ने कहा कि टाटा मेमोरियल सेंटर जैसे संस्थानों के साथ शैक्षिक सहयोग से झारखंड के मरीजों को राज्य में ही साक्ष्य-आधारित और गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अस्पताल ने वैज्ञानिक, किफायती और समग्र कैंसर उपचार को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

