रायपुर,08 जुलाई (आरएनएस)। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने प्रदेश में निर्माणाधीन और प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और रेलवे अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र शुरू करने तथा निर्माण में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने को कहा।मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर के प्रधान मुख्य अभियंता अवनीश कुमार पाण्डेय सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में सचिव ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम और आवागमन की परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि आरओबी और आरयूबी बनने से यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा, साथ ही माल परिवहन भी बेहतर होगा।उन्होंने नए प्रस्तावित कार्यों को जल्द शुरू करने के लिए भूमि अधिग्रहण, नामांतरण, भूमि व्यपवर्तन, अतिक्रमण हटाने और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।श्री बंसल ने यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर देते हुए कहा कि बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं के स्थानांतरण में देरी से निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने जहां आवश्यक हो, वहां लोक निर्माण विभाग और रेलवे अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर ड्राइंग-डिजाइन और प्राक्कलन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।सचिव ने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा हर तीन महीने में समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

