बिलासपुर,08 जुलाई (आरएनएस)। जिले के खोंगसरा-टेंगनमाड़ा मार्ग स्थित सुखानाला में एक वृद्ध भालू का शव मिलने से वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था और रेस्क्यू सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भालू पिछले कई दिनों से भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर आसपास के गांवों और तेंदूपत्ता फड़ों के पास भटक रहा था, लेकिन समय रहते उसका रेस्क्यू नहीं किया गया।मंगलवार को सुखानाला क्षेत्र में भालू का शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत भालू काफी वृद्ध और कमजोर था। हालांकि उसकी मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। इधर, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि भालू के लगातार आबादी वाले क्षेत्र में आने की सूचना पर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल वन विभाग का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

