नई दिल्ली,08 जुलाई(आरएनएस)। जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का धरना बुधवार को लगातार 19वें दिन भी जारी है. आंदोलन के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन 11वें दिन में पहुंच गया है. जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर 103/78 और ब्लड शुगर 75 दर्ज किया गया है.
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं और आरोप लगा रहे हैं कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है. इस बीच आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों की गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने के आरोपों ने नए विवाद को जन्म दे दिया है.
सीजेपी का दावा है कि पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने खुद को किसान बताया, लेकिन बाद में वह दिल्ली पुलिस का अधिकारी निकला. संगठन ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन की निगरानी और प्रदर्शनकारियों को डराने का प्रयास बताते हुए प्रशासन से जवाब मांगा है.
जंतर-मंतर पर चल रहा सीजेपी का आंदोलन लगातार 19वें दिन में प्रवेश कर गया है. संगठन का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक धरना जारी रहेगा. आंदोलनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर छात्रों पर पड़ रहा है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने देशभर के छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन का समर्थन करने की अपील की है.
आंदोलन को समर्थन देने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 11 दिनों से अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं. सीजेपी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अनशन के दौरान उनका वजन लगभग 7 किलोग्राम कम हो चुका है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और समय-समय पर ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर तथा अन्य जरूरी जांच की जा रही हैं. संगठन का कहना है कि सोनम वांगचुक की सेहत चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका यह त्याग छात्रों के भविष्य के लिए है और सरकार को इस आंदोलन को गंभीरता से लेना चाहिए.
कॉकरोच जनता पार्टी ने दोहराया है कि जब तक प्रमुख मांगों पर सरकार कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक धरना और सोनम वांगचुक का अनशन जारी रहेगा. संगठन ने लोगों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से समर्थन देने की अपील की है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

