रांची 8 जुलाई (आरएनएस)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की पहल के बाद 45 वर्ष से अधिक आयु के मानव दिवस कर्मियों को सेवा से हटाने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि ऊर्जा विभाग में वर्षों से कार्यरत अनुभवी कर्मियों को केवल आयु के आधार पर हटाने का प्रयास श्रमिकों और उनके परिवारों के साथ अन्याय है। इस मुद्दे को लेकर अजय राय ने विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, रांची के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार से मुलाकात कर एजेंसी द्वारा जारी नोटिस और टेंडर की तकनीकी व कानूनी विसंगतियों से अवगत कराया। बैठक के दौरान महाप्रबंधक ने सकारात्मक पहल करते हुए जेएमडी एजेंसी से तत्काल वार्ता की और विवादित नोटिस पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे मामले में निगम मुख्यालय से विधिक एवं प्रशासनिक मंतव्य प्राप्त करने का आश्वासन भी दिया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि 18 से 45 वर्ष की आयु सीमा केवल नई नियुक्तियों के लिए लागू होती है। वर्तमान में कार्यरत कर्मियों को 45 वर्ष की आयु पार करने के बाद सेवा से हटाने का कोई वैधानिक प्रावधान नहीं है। अजय राय ने सर्वोच्च न्यायालय के उमा देवी बनाम कर्नाटक सरकार मामले का उल्लेख करते हुए लंबे समय से कार्यरत कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए नीति बनाने की मांग की। इस पर महाप्रबंधक ने प्रस्ताव तैयार कर निगम मुख्यालय भेजने का भरोसा दिया। अजय राय ने कहा कि ऊर्जा विकास श्रमिक संघ किसी भी कीमत पर वर्षों से सेवा दे रहे श्रमिकों के साथ अन्याय नहीं होने देगा। यदि भविष्य में इस तरह की कार्रवाई दोबारा की गई तो संघ लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से व्यापक आंदोलन करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

