जांजगीर-चांपा,08 जुलाई (आरएनएस)। सारागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार प्रार्थी पवन राठौर, निवासी सारागांव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एनएच-49 स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने बने उनके फार्म हाउस में सबमर्सिबल पंप, बिजली तार, रॉड कटर मशीन, प्लास्टिक चेयर सहित अन्य निर्माण सामग्री रखी हुई थी।7 जुलाई 2026 की रात दो युवक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल में बोरी भरकर सामान ले जाते दिखाई दिए। संदेह होने पर उनका पीछा किया गया और सूचना मिलने पर सारागांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।जांच के दौरान फार्म हाउस के लोहे के गेट की कुंडी टूटी हुई मिली। वहां से 1 एचपी वरुणा कंपनी का सबमर्सिबल पंप, रॉड कटर मशीन, बिजली के तार, सबमर्सिबल पैनल और दो प्लास्टिक चेयर चोरी होना पाया गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई।पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार गोयल (29 वर्ष) और महेश गोयल (27 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मुरलीडीह कंजी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं सारागांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

