बीजापुर, 08 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक बीजापुर के निर्देशन में आज 08 जुलाई 2026 को साप्ताहिक बाजार, मोदकपाल में मावा पुलिस केतुल अभियान के अंतर्गत बहुआयामी जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनसहभागिता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर यातायात नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार साहू, थाना प्रभारी मोदकपाल आकाश मसीह, रोड सेफ्टी सेल के अवध सिंहा, महिला प्रधान आरक्षक कावेरी मंडावी, थाना मोदकपाल का पुलिस स्टॉफ, डीआरजी के जवान तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रोड सेफ्टी सेल के अवध सिंहा ने ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने संबंधी विस्तृत जानकारी दी।
इसके पश्चात यातायात नोडल अधिकारी विनीत कुमार साहू ने उपस्थित ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, आर्थिक स्थिति और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।
श्री साहू ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आजकल अपराधी मोबाइल फोन, सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में ह्रञ्जक्क, बैंक खाता, ्रञ्जरू क्कढ्ढहृ, क्कढ्ढ क्कढ्ढहृ अथवा पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा निकटतम पुलिस थाना में सूचना दें।
थाना प्रभारी मोदकपाल आकाश मसीह ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत है। ग्रामीण बिना किसी भय के पुलिस से जुड़ें, अपराध, नशा, अवैध गतिविधियों अथवा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आपकी एक सूचना किसी बड़ी घटना को रोक सकती है। पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच कमला भगत, उपसरपंच श्री सदाशिव अलसा, पंच जव्वा शंकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए समाजहित में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण डीआरजी के जवानों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश सरल एवं मनोरंजक तरीके से ग्रामीणों तक पहुँचाया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने अत्यंत सराहा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

