० कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के पास बिक्री की फिराक में था आरोपी, गांजा और नकदी समेत 1.02 लाख रुपये की सामग्री जब्त
रायपुर, 08 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.162 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख रुपये मूल्य का गांजा तथा बिक्री की 2 हजार रुपये नकद राशि सहित कुल 1.02 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को थाना सरस्वती नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा स्थित ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति गांजा रखकर उसकी बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को सूचना का सत्यापन कर आरोपी को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हरीश सेन्द्रे (38 वर्ष) निवासी कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी बोरी से 2.162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा बिक्री से संबंधित 2 हजार रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 2 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले की आगे की जांच जारी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

