० आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत जिलेभर में विशेष अभियान जारी, पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
कोरबा, 08 जुलाई (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के विरुद्ध कोरबा पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत 41 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन तथा अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा लगातार निगरानी, जांच और कार्रवाई की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप एक सप्ताह में 41 मामलों में कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना, डायल 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नागरिकों के सहयोग से नशामुक्त, सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

