सोदपुर/कोलकाता,08 जुलाई(आरएनएस)। उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर अंतर्गत घोला महेंद्रनगर इलाके में आज सुबह सरेआम हुई एक खूनी वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक शख्स सुभाष दास ने साइकिल से सोदपुर स्टेशन जा रही अपनी ही पत्नी गीता दास का रास्ता रोका और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी खत्म करने की कोशिश की, जिसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह की है जब घोला महेंद्रनगर की रहने वाली एक महिला रोज की तरह साइकिल पर सवार होकर सोदपुर स्टेशन की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह कांचकल स्कूल मोड़ के पास पहुंची, घात लगाकर बैठे उसके पति ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपी ने पास में छिपे धारदार हथियार से उस पर एक के बाद एक कई जानलेवा वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सरेआम हुई इस खूनी वारदात को देखकर आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी ने उसी धारदार हथियार से अपनी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ कई वार किए और खुद को लहूलुहान कर लिया। स्थानीय निवासियों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना खड़दह थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, तड़प रहे घायल आरोपी को पुलिस ने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सागर दत्ता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के पीछे की असली वजह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। हालांकि, पुलिस के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक मामला गहरे पारिवारिक विवाद या आपसी कलह से जुड़ा हो सकता है। खड़दह थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सुभाष दास की हालत सुधरने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही इस खौफनाक कदम को उठाने की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

