रायपुर, 09 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी, चेन स्नैचिंग और साइबर ठगी की पांच घटनाएं सामने आई हैं। मुजगहन थाना क्षेत्र में कमल विहार शराब दुकान के पास 6 जुलाई की शाम बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने महासमुंद निवासी राहुल नायक को रोककर धमकाया और उसके पास से एक आईफोन, एक रेडमी मोबाइल, एक एयरपॉड्स तथा 1,000 रुपये नकद समेत कुल 67 हजार रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 309 के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं, मोवा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अनंत विहार कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय जय जनशा भागवानी को आरोपियों ने बायजूस में ट्यूटर पद पर चयन होने और प्रशिक्षण के लिए मुफ्त लैपटॉप देने का झांसा देकर अलग-अलग यूपीआई आईडी में कुल 44,676 रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, कोतवाली थाना क्षेत्र में इंदौर स्टेडियम के पास आयोजित कलश यात्रा के दौरान संजय नगर टिकरापारा निवासी 62 वर्षीय अर्चना गुप्ता के गले से अज्ञात बदमाश करीब एक लाख रुपये कीमत की सोने की चेन पार कर ले गए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा, राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित अपना गार्डन के पास से अज्ञात चोर 20 जून को खड़ी हीरो होंडा सीबीजेड मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीएच 4058) चोरी कर ले गए। वाहन की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। वहीं मोवा थाना क्षेत्र के बालाजी अस्पताल की पार्किंग से फैशन प्रो मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीजेड 2935) चोरी होने का मामला भी दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

