जशपुरनगर, 09 जुलाईं (आरएनएस)। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से पत्थलगांव के प्रेमनगर मोहल्ले में पिछले कई दिनों से बनी लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान कर दिया गया है। विद्युत विभाग ने कम क्षमता वाले पुराने ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया, जिसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो गई है। इससे लोगों को बिजली के साथ-साथ पेयजल संकट से भी राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर के रहवासियों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को शिकायत की थी कि पूरे मोहल्ले में केवल एक ट्रांसफार्मर होने के कारण पिछले तीन दिनों से लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। इसके चलते घरों में बिजली के उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे थे, वहीं कुओं और बोरवेल की मोटरें भी बंद होने से पेयजल संकट गहरा गया था। शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई। समस्या के त्वरित समाधान पर प्रेमनगर के नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से न केवल बिजली की समस्या दूर हुई, बल्कि पेयजल संकट से भी राहत मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान का उदाहरण बताया।
बंछोर
000

