जशपुरनगर, 09 जुलाईं (आरएनएस)। कलेक्टर रोहित व्यास के त्वरित हस्तक्षेप और समाज कल्याण विभाग की सक्रियता से ग्राम लोखंडी निवासी दिव्यांग अश्विन लकड़ा का दिव्यांगता प्रमाण पत्र महज दो घंटे में जारी कर दिया गया। इससे उनकी पुत्री श्रुति लकड़ा का एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं के लिए समय पर काउंसलिंग पूरी हो सकी और उसका प्रवेश सुनिश्चित हो गया।
जानकारी के अनुसार, अश्विन लकड़ा ने कलेक्टर से आवेदन कर बताया था कि उनकी बेटी का चयन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में हो चुका है, लेकिन काउंसलिंग के दौरान उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र की मांग की गई। काउंसलिंग की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण उन्होंने तत्काल मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि अश्विन लकड़ा लकवा से दिव्यांग हैं और उनका चिकित्सकीय मूल्यांकन पूरा हो चुका था, लेकिन यूडीआईडी पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा था। विभाग ने राज्य स्तरीय यूडीआईडी समन्वयक से समन्वय स्थापित कर तकनीकी बाधा दूर कराई। ऑपरेटर परिवर्तन से जुड़ी ओटीपी समस्या का भी तत्काल समाधान कराया गया। तकनीकी अड़चन दूर होने के बाद महज दो घंटे के भीतर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से श्रुति लकड़ा की काउंसलिंग सफलतापूर्वक पूरी हुई और उसे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश मिल गया। अश्विन लकड़ा ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर कलेक्टर और समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से उनकी बेटी का भविष्य सुरक्षित हो सका।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

