बलरामपुर-रामानुजगंज, 09 जुलाई (आरएनएस)। जिले की बसंतपुर पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक भरे गए तीन भैंसों को बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप वाहन (क्रमांक क्क61क्चञ्ज8960) में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर भरकर उत्तर प्रदेश की ओर बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना बसंतपुर के सामने नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहन में तीन भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके से वाहन चालक एवं उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम मुरदीखुटान, थाना सिंधौरा, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तथा साहिल कुमार (20 वर्ष), निवासी ग्राम पहाड़पुर हलधर दौलतपुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 109/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1-घ) के तहत कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान अपराध प्रमाणित पाए जाने पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष साहु, प्रधान आरक्षक विनोद सागर तथा आरक्षक विवेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

