बलौदाबाजार-भाटापारा, 09 जुलाई (आरएनएस)। बारिश के मौसम में सिद्धखोल जलप्रपात कसडोल में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों से सतर्कता बरतने और खतरनाक स्टंट से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ऊंचाई से पानी में छलांग लगाना या सोशल मीडिया रील बनाने के लिए जोखिम भरे स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, सिद्धखोल जलप्रपात अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन यहां पानी की वास्तविक गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल होता है। जलप्रपात के नीचे छिपी नुकीली चट्टानों से टकराने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा बारिश के दौरान पानी का बहाव और जलस्तर तेजी से बदलता है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।
पुलिस ने बताया कि इस तरह की लापरवाही गंभीर चोट, स्थायी विकलांगता (पैरालिसिस) या मृत्यु का कारण बन सकती है। इसलिए पर्यटक जलप्रपात की सुंदरता का आनंद सुरक्षित दूरी से लें और किसी भी प्रकार की जोखिम भरी गतिविधि से बचें।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे ऊंचाई से पानी में छलांग न लगाएं, रील या वीडियो बनाने के लिए स्टंट करने से बचें तथा अपने परिवार और साथियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस का कहना है कि सजगता और सावधानी ही किसी भी दुर्घटना से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

