इन्दौर 09 Jully (Rns) : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है, जहां रीवा से इंदौर आ रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह दर्दनाक हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शिप्रा थाना क्षेत्र के ठीक सामने घटित हुआ। गनीमत यह रही कि आग की लपटें विकराल रूप लेतीं, उससे पहले ही बस में सवार सभी यात्रियों को सूझबूझ के साथ समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
टायर फटने के बाद घर्षण से भड़की आग
शिप्रा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ‘जय अंबे ट्रेवल्स’ की यह बस जब थाने के सामने से गुजर रही थी, तभी अचानक उसका एक टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। टायर फटने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क और पहिए के बीच हुए तीव्र घर्षण (रगड़) के कारण बस के अगले हिस्से (इंजन की तरफ) से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना की भनक लगते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

