17 जुलाई को बिजली मंत्री के आवास का घेराव करेगा अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ: जीवन सिंह
-मांगें पूरी न होने पर जींद में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रोष प्रदर्शन की चेतावनी
सिरसा 9 जुलाई (आरएनएस)। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ (सम्बद्ध: भारतीय मजदूर संघ) के प्रदेश महासचिव ने आज एक कड़ा बयान जारी करते हुए हरियाणा सरकार पर कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में भारी अंतर है, जिससे प्रदेश के बिजली कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। प्रदेश महासचिव ने बताया कि सरकार द्वारा जॉब सिक्योरिटी की घोषणा किए हुए तकरीबन 2 साल का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन आज तक धरातल पर कुछ नहीं हुआ। हद तो तब हो गई जब स्वयं मुख्यमंत्री ने बीते 26 अप्रैल 2026 को गुरुग्राम की धरा से बड़े जोर-शोर के साथ यह वादा किया था कि सभी अनुबंधित कर्मचारियों को 15 जून तक ऑफर लेटर दे दिए जाएंगे। आज जुलाई का महीना चल रहा है, लेकिन बड़े खेद का विषय है कि अभी तक एक भी कर्मचारी को ऑफर लेटर नसीब नहीं हुआ है। सरकार का यह रवैया कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है
सरकार की इसी वादाखिलाफी और अनेकों पेंडिंग मांगों के विरोध में आगामी 17 जुलाई को अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ अम्बाला में माननीय बिजली मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहा है। इस घेराव में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में बिजली कर्मचारी जुटेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे। संघ हरियाणा सरकार को साफ और स्पष्ट शब्दों में चेताना चाहता है कि अगर समय रहते कर्मचारियों की इन जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो संघ अपने रोष का रुख जींद की तरफ करने से भी पीछे नहीं हटेगा। जींद में प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोनिक ट्रेन का उद्घाटन करने आ रहे हैं। अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं, तो कर्मचारी वहां पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। संघ ने सरकार से मांग की है कि हठधर्मिता छोड़कर तुरंत प्रभाव से 15 जून वाले वादे को पूरा किया जाए और सभी लंबित मांगों का अविलंब निपटारा किया जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

