रायगढ़ा , 10 जुलाई (आरएनएस)। जिले के चांदिली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए सभी पुलिस इकाइयों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, चांदिली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-326 (हृ॥-326) पर हुंडई शोरूम के पास, ग्राम खलीगुड़ा के समीप सड़क किनारे एक काले रंग के बैग के अंदर अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में चांदिली थाना में अपराध क्रमांक 198/2026, दिनांक 17 जून 2026 को धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष, लंबाई करीब 160 सेंटीमीटर तथा रंग गेहुँआ से गोरा है। उसने लाल-हरे रंग का चेकदार नाइट सूट पहन रखा था। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला तथा दोनों हाथ बंधे हुए थे। पुलिस के अनुसार, मौत शव बरामद होने से लगभग 7 से 10 दिन पहले हुई होने की आशंका है।
चांदिली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उत्तम कुमार साहू ने सभी थाना, चौकी, जीआरपी, पुलिस इकाइयों और आम लोगों से अपील की है कि यदि इस विवरण से मेल खाने वाली किसी गुमशुदा महिला की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। गुमशुदगी रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का भी मिलान किया जा रहा है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

