कोरिया, 10 जुलाई (आरएनएस)। जिले के पटना थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई द्वारा की गई मारपीट के बाद बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को राम प्रकाश कुशवाहा ने ललित कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना थाना पटना में दी थी। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी गुलाबी कुशवाहा, पिता सुभाष चंद, माता इन्द्रवती तथा अन्य गवाहों के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि मृतक ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा दोनों शराब पीने के आदी थे तथा घर और जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
पुलिस जांच में पता चला कि 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे शारदा कुशवाहा ने ललित कुशवाहा के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की थी। मारपीट के बाद घायल ललित की तबीयत बिगडऩे पर 24 जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 25 जून 2026 की शाम करीब 6:15 बजे उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में पुष्टि हुई कि मारपीट से आई चोटों के कारण उपचार के दौरान ललित कुशवाहा की मृत्यु हुई। इसके आधार पर थाना पटना पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36 वर्ष), निवासी ग्राम सावांरावां, थाना पटना, जिला कोरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 8 जुलाई 2026 को आरोपी शारदा कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

