काशीपुर,10 जुलाई (आरएनएस )। आरटीई अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से छूट और पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर शुक्रवार को शिक्षकों ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम के पेशकार प्रकाश मेहर को सौंपा। शुक्रवार को शिक्षक और शिक्षिकाएं तहसील पहुंचे। उन्होंने टीईटी से छूट और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित त्यागी और मंत्री पंकज चौहान ने कहा कि आरटीई अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों को सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए टीईटी से मुक्त रखा जाए।कहा कि अधिनियम में संशोधन कर आरटीई लागू होने से पूर्व एनसीटीई और राज्य सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार नियुक्त शिक्षकों को न्याय दिया जाए। साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कर नई पेंशन योजना को वापस लिया जाए। यहां अमित त्यागी, पंकज कुमार, सुशील कुमार, अशोक चौहान, कौटिल्य रस्तोगी, नौशाद, जावेद, शाने आजम, अनिल कुमार, अरविंद चौहान, सौरभ चौहान, राधेश्याम, कौशल चौधरी, अनिल चौहान रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

