रायपुर, 11 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और जाम मुक्त बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति से त्वरित निपटने के लिए यातायात पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्तक्रञ्ज) को 10 नए आधुनिक वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शनिवार को इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वाहनों को रवाना करने से पहले पुलिस कमिश्नर ने शहर के जाम प्रभावित प्रमुख स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लेकर क्यूआरटी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और यातायात को सामान्य करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस के अनुसार, नई क्यूआरटी टीमों को आधुनिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। ये टीमें ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य यातायात संबंधी बाधाओं का त्वरित समाधान करने में सक्षम होंगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है तो वे यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर तुरंत सूचना दें। सूचना मिलते ही निकटतम क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सुचारु करेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुरेंद्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के सभी थाना प्रभारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रायपुर पुलिस ने कहा कि यह पहल शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित और जाम-मुक्त यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
0

