सारंगढ़ बिलाईगढ़, 11 जुलाई (आरएनएस)। जिले में सार्वजनिक सड़कों को नुकसान से बचाने के लिए प्रशासन ने बिना पट्टी वाले डबल केजव्हील (Cage Wheel) ट्रैक्टरों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शनिवार को दो ट्रैक्टर जब्त किए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि किसानों और ट्रैक्टर मालिकों को सड़क संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

प्रशासन की कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत सरिया निवासी बोधराम साव के स्वराज ट्रैक्टर (CG 13 AL 3293) तथा ग्राम बोन्दा निवासी तोषराम पटेल के बिना नंबर वाले सोनालिका ट्रैक्टर को सड़क पर बिना पट्टी लगे केजव्हील के साथ चलते पाए जाने पर जब्त किया गया।
दोनों ट्रैक्टरों को सेवा सहकारी समिति सरिया के प्रबंधक और ग्राम बोन्दा के सरपंच के सुपुर्द सीलबंद कर रखा गया है। प्रशासन ने बताया कि इनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि इससे पहले राजस्व, कृषि और पंचायत विभाग के अधिकारियों द्वारा गांव-गांव जाकर किसानों को समझाइश दी जा चुकी है कि बिना पट्टी लगे डबल केजव्हील ट्रैक्टरों को सड़कों पर न चलाएं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ राजस्व, पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके लिए प्रतिदिन सड़कों का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी देवराम यादव ने कहा कि सड़कों का निर्माण, मरम्मत और संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रैक्टर मालिक केजव्हील खरीद सकते हैं तो सड़क को सुरक्षित रखने के लिए उस पर रबर पट्टी भी लगानी चाहिए। पट्टी लगाने से सड़क सुरक्षित रहेगी और प्रशासन को कार्रवाई करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की लापरवाही से सार्वजनिक सड़कों को भारी नुकसान पहुंचता है, जबकि एक सड़क के निर्माण और स्वीकृति में वर्षों लग जाते हैं। ऐसे में सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे बिना पट्टी वाले केजव्हील का उपयोग करने वालों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रह सके।
0

