रायपुर, 11 जुलाईं (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज में 20 नई एमबीबीएस सीटों की मंजूरी प्रदान की है।
एमएआरबी द्वारा जारी अनुमति पत्र के अनुसार, कॉलेज की एमबीबीएस प्रवेश क्षमता 230 से बढ़ाकर 250 सीट कर दी गई है। जेएनएम मेडिकल कॉलेज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।
यह निर्णय राज्य में चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य में डॉक्टरों की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सीटों में वृद्धि से प्रदेश के अधिक विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
1963 से अब तक लगातार बढ़ती रही प्रवेश क्षमता
वर्ष 1963 में मात्र 60 एमबीबीएस सीटों के साथ स्थापित जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय-समय पर अपनी प्रवेश क्षमता में विस्तार किया है। सीटों की वृद्धि का क्रम इस प्रकार रहा—
1963 60 सीटें
बाद में – 100 सीटें
2009 – 150 सीटें
2019 – 180 सीटें
2023 – 230 सीटें
2026-27 – 250 सीटें
नई स्वीकृति के बाद जेएनएम मेडिकल कॉलेज प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाला संस्थान बन गया है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

