अभनपुर, 11 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा स्थित नेहरू घाट पर शनिवार को महानदी में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (35 वर्ष)- शनिवार दोपहर करीब -2:30 से 3 बजे- के बीच अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी किनारे पर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान प्रदीप अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
बताया जा रहा है कि प्रदीप ने बचाने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन उनकी पत्नी ने शुरुआत में इसे मजाक समझ लिया। कुछ ही क्षणों बाद प्रदीप नदी के तेज बहाव में लापता हो गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पत्नी ने आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नेहरू घाट पहुंच गए। गोबरा नवापारा थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया। स्थानीय युवकों ने भी नदी में उतरकर खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
फिलहाल पुलिस, गोताखोरों और रेस्क्यू टीम द्वारा महानदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

