गरियाबंद, 11 जुलाईं (आरएनएस)। गरियाबंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी के गुप्त हिस्सों में गांजा छिपाकर ले जा रहे राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से -8 किलोग्राम गांजा- और तस्करी में इस्तेमाल की गई दो स्कूटी- जब्त की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब -4 लाख रुपये- बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक -वेदव्रत सिरमौर- के निर्देश पर जिले में अवैध गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत -7 जुलाई 2026- को थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी से गांजा लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जीड़ार तिराहा पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी सवारों को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस भी उस समय हैरान रह गई, जब स्कूटी के पाट्र्स खोलने पर उनके अंदर बेहद शातिर तरीके से गांजा छिपाकर रखा मिला। दोनों स्कूटी से -4-4 किलोग्राम-, कुल -8 किलोग्राम गांजा- बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ दोनों स्कूटी भी जब्त कर ली।
मामले में -किशन कुमार (29 वर्ष)- निवासी भीमगंज, कोटा (राजस्थान) और -शिवप्रसाद सैनी (31 वर्ष)- निवासी उद्योग नगर, कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ -एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)- के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे किस स्थान पर खपाने की तैयारी थी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

