रायपुर, 12 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर शहर में कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 10 नए अपराध दर्ज किए हैं। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले शामिल हैं। कबीरनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया। वहीं खम्हारडीह में एक नाबालिग के साथ केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए मारपीट करने का आरोप लगा है। गुढिय़ारी थाना क्षेत्र में दोस्त द्वारा घर से 10 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया, जबकि पुरानी बस्ती में उधारी के विवाद को लेकर मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज हुई।
दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में सरोना स्थित केपीएस स्कूल के सामने ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों द्वारा ट्रैक्टर चालक व उसके साथियों से मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया। टिकरापारा में लेन-देन के विवाद को लेकर धमकी देने का मामला सामने आया, जबकि देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में लिफ्ट मांगने के बहाने एक व्यक्ति की करीब 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई।
इधर टिकरापारा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 56 किलो 326 ग्राम गांजा जब्त किया है। पहली कार्रवाई में लालपुर ओवरब्रिज के पास स्कूटी से 46 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है। वहीं दूसरी कार्रवाई में रावणभाठा बस स्टैंड के पास एक आरोपी सहित अन्य के कब्जे से 10 किलो 226 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 5.12 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

