नई दिल्ली 12 Jully : श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में भी 56 रनों से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड द्वारा दिए गए 258 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में टीम इंडिया निर्धारित ओवरों में महज 201 रन ही बना सकी। हालांकि, इस बड़ी हार के बावजूद टीम के तूफानी सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मैदान पर कदम रखते ही एक ऐसा इतिहास रच दिया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
बिना टेस्ट-वनडे खेले टी20 में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने जैसे ही इंग्लैंड के खिलाफ यह मैच खेलने के लिए मैदान पर कदम रखा, उन्होंने एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह बिना किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट (वनडे या टेस्ट) में डेब्यू किए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले दुनिया के नंबर-1 क्रिकेटर बन गए हैं। यह उनका भारत के लिए 53वां टी20 मुकाबला था। इससे पहले यह खास रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी सैमुअल बद्री के नाम दर्ज था, जिन्होंने किसी अन्य फॉर्मेट में खेले बिना अपने देश के लिए 52 टी20 मुकाबले खेले थे।
टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक के तूफानी आंकड़े
बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने भारत के लिए अभी तक वनडे या टेस्ट क्रिकेट में कदम नहीं रखा है, लेकिन सबसे छोटे फॉर्मेट में उनका बल्ला जमकर आग उगल रहा है। अभिषेक शर्मा ने अब तक खेले गए 53 टी20 मुकाबलों में 32.36 की शानदार औसत और 190.36 के खतरनाक स्ट्राइक रेट से 1618 रन बनाए हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम दो शानदार शतक भी दर्ज हैं। उनके इसी आक्रामक खेल और निरंतरता की बदौलत वह आईसीसी (ICC) की ताजा टी20 रैंकिंग में भी टॉप-2 बल्लेबाजों की सूची में अपना दबदबा बनाए हुए हैं।

