सक्ती, 12 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक नाबालिग छात्र के कथित अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने छात्र को जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर अर्धनग्न किया और लात-घूंसों व थप्पड़ों से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं। मामला अड़भार थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, आत्मानंद स्कूल में पढऩे वाला नाबालिग छात्र शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल के लिए घर से निकला था। दोपहर करीब 12 बजे स्कूल के पास चार मोटरसाइकिलों पर सवार 8 से 9 युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए। आरोपियों ने उसे शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान के पास ले जाकर मारपीट की।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने छात्र के कपड़े उतरवाकर उसके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। इस दौरान उसकी बाइक की चाबी और नकदी भी छीन ली गई। घटना के बाद छात्र शाम करीब 4 बजे घर पहुंचा और पूरी जानकारी परिजनों को दी। इसी बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें 3 नाबालिग हैं, जिन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 296, 351(3), 115(2), 137(2), 191(2), आईटी एक्ट की धारा 67(क्च) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार रात्रे (19), दिनेश रात्रे (24) और सोम कुमार रात्रे उर्फ पालू (19) के रूप में हुई है। इनके अलावा तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में किसी मोबाइल नंबर को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। सभी आरोपी टेड़ही मोहल्ला के निवासी बताए गए हैं।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

