टोरंटो,12 जुलाई। कनाडा के टोरंटो शहर में एक सार्वजनिक समारोह के दौरान गोलीबारी का मामला सामने आया है। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कम से कम 3 घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को टोरंटो के वार्षिक साल्सा ऑन सेंट क्लेयर स्ट्रीट फेस्टिवल के पास गोलीबारी हुई। इसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन अभी तक हमलावर पुलिस की पहुंच से दूर हैं।
यह घटना सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंग्टन एवेन्यू के चौराहे के पास हुई, जहां साल्सा ऑन सेंट क्लेयर उत्सव आयोजित किया जा रहा था। टोरंटो पुलिस ने बताया कि अधिकारियों को स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:12 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर बल भेजा गया। पुलिस को घटनास्थल पर गोली लगने से 5 लोग घायल मिले। अस्पताल ले जाने पर इनमें से 2 को मृत घोषित कर दिया गया।
टोरंटो पुलिस ने शुरू में एक सक्रिय शूटर की चेतावनी दी और जनता से उस क्षेत्र से दूर रहने का आग्रह किया। बाद में पुलिस ने कहा कि घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और संदिग्ध अभी भी फरार है। अभी तक पीडि़तों की पहचान, घायलों की स्थिति, संभावित उद्देश्य या संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

