वाशिंगटन/तेहरान,12 जुलाई। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लगभग टूट गया है। देर रात अमेरिका ने ईरान के कम से कम 5 शहरों पर बमबारी की है। इनमें परमाणु सुविधा वाला शहर बुशहर भी शामिल है। ईरान ने इन शहरों में धमाकों की पुष्टि की है। इसके जवाब में ईरान ने कतर, बहरीन और जॉर्डन समेत कई देशों में अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बनाया है। होर्मुज जलडमरूमध्य फिर बंद हो गया है।
अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने कहा कि उसकी सेनाओं ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर सुबह 5:45 बजे हमले शुरू किए।
सूत्रों ने बुशहर और असलूयेह में विस्फोटों की सूचना दी। सरकारी टेलीविजन के अनुसार, ईरान के चाबहार के पास भी विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
सूत्रों ने केशम द्वीप पर धमाकों की सूचना दी। सूत्रों ने कहा कि बंदर अब्बास में 3 और सिरिक में 2 विस्फोट हुए।
ईरान ने हमले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद कर दिया है और जहाजों को वहां से न गुजरने की चेतावनी दी है। ईरानी विदेश मंत्रालय के सलाहकार अली सफारी ने कहा कि अमेरिका को इस कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। साथ ही ईरान ने साफ किया कि जब तक अमेरिकी दखल जारी रहेगा, तब तक होर्मुज बंद रहेगा। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने घोषणा की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य अगले आदेश तक बंद रहेगा।
स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 3.45 बजे बुशहर एयर बेस, चोघडक मिसाइल साइट, सरताल रडार साइट और असलूयेह सहित कई स्थानों के पास धमाके हुए। असलुयेह को साउथ पार्स गैस फील्ड का ऑनशोर हब माना जाता है, जो ईरान के ऊर्जा क्षेत्र की सबसे अहम संपत्तियों में से एक है। दक्षिणी खुजेस्तान प्रांत के हेंडिजन, महशहर और अबादान पर हमले हुए हैं। बंदरगाह शहर जास्क में 10 से ज्यादा धमाके हुए।
आईआरजीसी ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयर बेस पर स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। वहीं, कतर ने बताया कि उसके सशस्त्र बलों ने देश को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां ईरान से दागी जा रही मिसाइलों और ड्रोनों का सक्रिय रूप से मुकाबला कर रही हैं। बहरीन में लगातार सायरन बज रहे हैं।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज के चालक दल ने जहाज छोड़कर लाइफबोट में शरण ली है। सेंटकॉम ने कहा कि ईरान ने साइप्रस के ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज एमवी जीएफएस गैलेक्सी पर हमला किया था, जो होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था। इस हमले के बाद चालक दल का एक सदस्य लापता है। जहाज में आग लग गई है और इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचा है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

