अभनपुर, 12 जुलाई (आरएनएस)। गोबरा नवापारा नगर के नेहरू घाट स्थित महानदी में दो बच्चों की जान बचाने के दौरान डूबे युवक का शव रविवार तड़के नदी किनारे शनि मंदिर के पीछे बरामद हुआ। शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद स्ष्ठक्रस्न की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा। रविवार सुबह नए सर्च ऑपरेशन से पहले ही युवक का शव बहकर किनारे आ गया।

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा के इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (35वर्ष) शनिवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। उनकी पत्नी नदी किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो बच्चे गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देखकर प्रदीप कश्यप बिना देर किए उन्हें बचाने के लिए महानदी में कूद पड़े। प्रदीप ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस, स्ष्ठक्रस्न की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण अभियान स्थगित कर दिया गया।
रविवार तड़के गोबरा नवापारा क्षेत्र में शनि मंदिर के पीछे नदी किनारे प्रदीप कश्यप का शव बहकर आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों की जिंदगी बचाने वाले प्रदीप कश्यप की बहादुरी और मानवीय संवेदनशीलता की नगरभर में सराहना की जा रही है। उनके इस साहसिक कार्य को लोग एक सच्चे मानवता के उदाहरण के रूप में याद कर रहे हैं।
0

