बैकुण्ठपुर, 12 जुलाई (आरएनएस)। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा को कथित रूप से प्रताडि़त कर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी विनोद वैद को कोरिया पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह उर्फ पूजा पैकरा ने बीते बुधवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

जांच में सामने आया कि छात्रा बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट (ढ्ढष्ट रूड्डह्म्ह्ल) गई थी, जहां मार्ट प्रबंधन ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि प्रबंधन ने छात्रा को डरा-धमकाकर एक कागज पर जबरन लिखवाया कि उसने चोरी की है।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद मार्ट प्रबंधन ने परिवार से पैसे की मांग शुरू कर दी। पहले छात्रा से 15 हजार रुपये, फिर उसके चाचा के पहुंचने पर 20 हजार रुपये और बाद में पिता से 50 हजार रुपये मांगे गए। रकम नहीं देने पर छात्रा की स्कूटी भी कथित रूप से जब्त कर ली गई।
बताया जा रहा है कि बाजार में परिवार के सामने कथित रूप से अपमानित किए जाने और स्कूटी छीने जाने से छात्रा गहरे मानसिक आघात में चली गई, जिसके बाद उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
राजस्थान से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरिया पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर कोरिया लाया जा रहा है।
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले के दो अन्य आरोपी जगत वैद और दीपक वैद अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने लिया संज्ञान
इस संवेदनशील मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (हृष्टस्ञ्ज) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट और जवाब तलब किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
0

