सूरजपुर, 12 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अजबनगर स्थित मोरभंज में कुछ युवकों द्वारा कार से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक चलती कार से जानलेवा करतब करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार चालक तेज रफ्तार में ड्रिफ्टिंग और डोनट्स जैसे खतरनाक स्टंट कर रहा है। इस दौरान वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका के बावजूद युवक लगातार करतब करते रहे, जिससे न केवल उनकी अपनी जान बल्कि आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर इस तरह के स्टंट गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की संभावना है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

