बागेश्वर,12 जुलाई (आरएनएस )। नगर व्यापार मंडल बागेश्वर की बैठक रविवार को बागनाथ मंदिर परिसर में हुई। बैठक में व्यापारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में जिला चुनाव अधिकारी ने वर्ष 2025 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। बताया कि व्यापार मंडल की कुल आय 2,04,650 रुपये और व्यय 1,93,395 रुपये रहा। व्यय के बाद शेष 11,257 रुपये की राशि नगर व्यापार मंडल को सौंप दी गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व नगर व्यापार मंडल की कार्यकारिणी के पास उपलब्ध आय-व्यय का विवरण, व्यापार संघ के अभिलेख और रजिस्टर जिला कार्यकारिणी को सौंपे जाएंगे।इसके लिए पुरानी कार्यकारिणी को विधिवत नोटिस जारी किया जाएगा। व्यापारियों ने संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से नगर व्यापार मंडल का पंजीकरण कराने का प्रस्ताव भी पारित किया। साथ ही व्यापारियों के हित में एक विशेष सहायता कोष बनाने का निर्णय लिया गया, जिससे जरूरतमंद व्यापारियों को आर्थिक सहयोग दिया जा सके। इसकी शुरुआत करते हुए वरिष्ठ व्यापारी नरेंद्र सिंह खेतवाल ने कोष में 5,000 रुपये देने की घोषणा की। व्यापारियों ने उनके इस कदम का स्वागत करते हुए इसे संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक में संगठन की गतिविधियों के प्रभावी संचालन और विभिन्न मुद्दों पर त्वरित निर्णय लेने के लिए जल्द ही कोर कमेटी गठित करने पर भी सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सूरज जोशी और संचालन सचिव देवेंद्र अधिकारी ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री अनिल कार्की, हरीश सोनी, गिरीश बिष्ट, राजेंद्र परिहार, दीपक जोशी सहित नगर क्षेत्र के कई व्यापारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

