रुद्रपुर,12 जुलाई (आरएनएस )। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार युवक पर कथित रूप से साजिश के तहत जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रजपुरा रानी चापट निवासी मुशर्रफ पुत्र मोहम्मद हनीफ ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि 10 जुलाई की शाम करीब पांच बजे वह बरखेड़ा पांडे से खरीदारी कर स्कूटी से अपने गांव लौट रहा था। गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर एक चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक रुक गई। जिससे वह ट्रॉली के पीछे रुक गया।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे तौफिक ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर इमरान भी सवार था। पीडि़त का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अब्दुल शहीद ने भी साजिश के तहत रास्ता रोका था। टक्कर के बाद तोफिक और इमरान ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।इसी बीच पास के रहजान, मुर्तजा और सुलेमान लाठी-डंडों के साथ निकल आए और सभी ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में वह बेहोश हो गया, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मुशर्रफ ने बताया कि गांव के दो लोग उसे घर पहुंचाकर गए।जिसके बाद परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद गंभीर चोटों के चलते उसे रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार काशीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

