० 16 जून को हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस दस्तावेजों और साक्ष्यों की कर रही जांच
बैकुंठपुर, 13 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई तिहरा हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने हाथ में ले ली है। सोमवार को सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम बैकुंठपुर पहुंची और चरचा स्थित पंचवटी रेस्ट हाउस में ठहरने के बाद सीधे घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
सीबीआई अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस द्वारा एकत्र किए गए दस्तावेजों, साक्ष्यों और केस डायरी का परीक्षण शुरू किया। साथ ही मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 16-17 जून की दरम्यानी रात कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के नौगई-कटगोड़ी इलाके में यह सनसनीखेज तिहरा हत्याकांड हुआ था। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने दो साथियों वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह के साथ फॉच्र्यूनर वाहन में सवार थे। आरोप है कि पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने उन्हें बुलाया गया, जहां हमलावरों ने उन पर हमला किया और उनकी फॉच्र्यूनर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने 30 जून को इस प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। पुलिस इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह के बहाने बुलाकर इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।
सीबीआई टीम अब घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

