० हाथ-पैर बांधकर गला दबाने की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच; सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों की हो रही पड़ताल
बिलासपुर, 13 जुलाई (आरएनएस)।जिले के सरकंडा क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में पदस्थ सुरक्षा गार्ड की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह परिसर में सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तखतपुर के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में चार बाल अपचारियों के घटना में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, जो वारदात के बाद से फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि चारों बाल अपचारियों ने पहले सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबाया गया और मुंह में गमछा ठूंस दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। नरेंद्र कुमार खांडे पिछले लगभग एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र कुमार खांडे को नियमित साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता था। साथ ही उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इधर, फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं, जबकि सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

