० अवैध शराब, सट्टा-जुआ और संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई के संकेत, बोले– बेसिक पुलिसिंग होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
राजनांदगांव, 13 जुलाई (आरएनएस)। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी अजय यादव ने सोमवार को राजनांदगांव पुलिस रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की।
पदभार ग्रहण करने के बाद आईजी अजय यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना होगी। उन्होंने कहा कि अपराधों के अनुसंधान में तेजी लाना, अपराधियों की प्रभावी गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरे राजनांदगांव रेंज के अपराधों के पैटर्न का अध्ययन किया जा रहा है और प्रत्येक जिले की जरूरत के अनुसार पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी अवैध गतिविधि में पुलिस कर्मियों की किसी प्रकार की मिलीभगत न हो। यदि ऐसी शिकायतें सामने आती हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईजी अजय यादव ने बताया कि आने वाले दिनों में वे स्वयं रेंज के सभी जिलों का दौरा करेंगे और जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिसिंग को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

