० वाड्रफनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बलरामपुर-रामानुजगंज, 13 जुलाई (आरएनएस)। जिले की वाड्रफनगर पुलिस ने घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी के मामले का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल भी आरोपियों के कब्जे से बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वाड्रफनगर निवासी कैशर आलम ने 12 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी वाड्रफनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 11 जुलाई की रात करीब 8 बजे अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच उठकर देखा तो मोटरसाइकिल गायब थी। अज्ञात चोर वाहन चोरी कर ले गए थे।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित जांच करते हुए संदेह के आधार पर दीपक प्रजापति (20 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-7, कुर्थीडांड वाड्रफनगर तथा सुमीत कुमार पासवान (20 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-5, वाड्रफनगर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक डाकेश्वर सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामजती राम, आरक्षक संतोष गुप्ता, शत्रुधन सिंह तथा विनोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

