० लूटा गया मोबाइल, नकदी, एटीएम कार्ड और दस्तावेज बरामद, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त
रायगढ़, 13 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर युवक से लूटपाट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुसौर पुलिस ने मामले की त्वरित जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
ऐसे हुई थी लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार, ग्राम तेतला निवासी कमल प्रसाद जांगड़े ने 11 जुलाई को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की रात करीब 10:20 बजे रायगढ़ से अपने घर लौटते समय लोहरसिंह पेट्रोल पंप के आगे मां मंगला नर्सिंग कॉलेज के पास एनएच-53 पर बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास से रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, 2,500 रुपये नकद, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी लूटकर फरार हो गए।
पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने चाणक्य शर्मा उर्फ दिलीप शर्मा (33 वर्ष), चन्द्रभानू साव (26 वर्ष) तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी, लूटा गया रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, 1,600 रुपये नकद तथा पीडि़त के दस्तावेज और चार एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
तहसीलदार पुसौर की उपस्थिति में कराई गई शिनाख्ती परेड में प्रार्थी ने तीनों आरोपियों की पहचान की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों वयस्क आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में लूटपाट जैसी वारदातों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से ऐसे अपराधों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा तथा न्यायालय में मजबूत साक्ष्यों के साथ चालान प्रस्तुत कर सख्त सजा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

