0 150 विद्यार्थियों पर केवल 3 शिक्षक, कई विषयों के पद वर्षों से खाली; पढ़ाई प्रभावित होने पर आंदोलन तेज
पिथौरा, 14 जुलाई (आरएनएस)। महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड स्थित जम्हारी हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्र और पालक पिछले छह दिनों से आंदोलन पर डटे हुए हैं। स्कूल में शिक्षकों की पदस्थापना की मांग को लेकर 9 जुलाई से विद्यालय में ताला जड़कर प्रदर्शन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में करीब 150 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई के लिए केवल तीन शिक्षक ही उपलब्ध हैं। विद्यालय में एक बाबू, तीन व्याख्याता और एक प्रयोगशाला शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक व्याख्याता प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि कई विषयों में शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं, जिससे नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। बार-बार मांग और शिकायत के बावजूद शिक्षा विभाग ने अब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की है।
शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक स्कूल के बाहर ताला लगाकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक पर्याप्त शिक्षकों की पदस्थापना नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

