0 गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, धमतरी को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न शहर बनाने पर जोर
धमतरी, 14 जुलाई (आरएनएस)। धमतरी शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का आज महापौर नगर निगम रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं नवपदस्थ नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति तथा समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, नहर नाका चौक, जालमपुर स्थित बॉक्स क्रिकेट परिसर, सिहावा चौक के समीप निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, खपरी-अर्जुनी स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड तथा कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक परियोजना में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सिहावा चौक से कोलियारी तथा रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। ड्रेनेज व्यवस्था, पैदल पथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग तथा यातायात प्रबंधन से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण पूर्ण होने से यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित होगा तथा शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर का समग्र, संतुलित एवं सुनियोजित विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में संचालित सभी विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं, सुगम यातायात, स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल तथा आधुनिक शहरी अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों के नियमित मॉनिटरिंग पर भी बल दिया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धमतरी शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप मिलेगा। बेहतर यातायात व्यवस्था, खेल सुविधाएं, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिकों के लिए विकसित सार्वजनिक स्थल शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को एक सुविधासंपन्न, स्वच्छ, सुरक्षित एवं जनोन्मुखी शहर के रूप में विकसित करना है।
सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन में फाल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तथा दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम के निर्माण पूर्ण होने पर जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सामाजिक आयोजनों को नया मंच मिलेगा। उन्होंने अक्टूबर माह तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर मिश्रा ने कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए इसे शहर का प्रमुख आकर्षण एवं पारिवारिक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए बहु-प्रवेश द्वार, व्यवस्थित दुकानें, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, हरित क्षेत्र, सौंदर्यीकरण, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था तथा ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

