रांची 14 जुलाई (आरएनएस)। सावन माह को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर रांची की महापौर रोशनी खलखो ने मंगलवार को नामकुम स्थित स्वर्णरखा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया तथा नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सावन में स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहाड़ी बाबा मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले शिवभक्तों की सुविधा नगर निगम की प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को घाटों की नियमित सफाई, पर्याप्त रोशनी, श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था तथा पूरे पदयात्रा मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वच्छता बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। महापौर ने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद पवन तिर्की, मंडल अध्यक्ष अशोक गोप, धर्मेंद्र सिंह, धनंजय वर्मा, जुगनू साहू, गोपाल लोहिया, राकेश सिंह, शिव राम दास, नवीन सोनी सहित नगर निगम के अधिकारी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

