रांची 14 जुलाई (आरएनएस)। झारखंड में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की दिशा में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने शीर्ष नेताओं का राज्य दौरा तेज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि वह जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। लोजपा लेबर सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश पासवान के झारखंड दौरे के दौरान हुई एक शिष्टाचार मुलाकात में लोजपा बिजनेस सेल के प्रदेश अध्यक्ष बहुरन लोहरा और सिमडेगा जिला अध्यक्ष मोहम्मद अकबर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है और कार्यकर्ता स्थानीय समस्याओं को उठाने के साथ उनके समाधान के लिए प्रयासरत हैं।नेताओं ने दावा किया कि जनहित के मुद्दों पर सक्रियता के कारण कम समय में ही लोजपा को झारखंड में एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में देखा जाने लगा है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन विस्तार के साथ-साथ आम लोगों के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है और आने वाले वर्षों में राज्य की राजनीति में प्रभावी भूमिका निभाने का लक्ष्य रखती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

