वाशिम (महाराष्ट्र),14 जुलाई(आरएनएस)। समृद्धि महामार्ग पर मंगलवार की सुबह-सुबह एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शव को कार में रखकर घंटों घूमता रहा उसके बाद कारंजा सिटी पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के कलवरधा के रहने वाले सलमान खान नेक मोहम्मद खान (30) अपनी पत्नी हसीनबानो (28) के साथ कार से घूमने निकला था. आधी रात के करीब, जब वे समृद्धि महामार्ग के कारंजा लाड इलाके में थे, तब पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. आरोपी ने कथित रूप से कार में रखी लोहे की रॉड से अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया. इसके बाद उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद वह अपनी पत्नी के शव को कार में रखकर कई घंटों तक समृद्धि महामार्ग और कारंजा इलाके में घूमता रहा. आखिरकार, सुबह-सुबह वह सीधे कारंजा सिटी पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस को इस हत्या की जानकारी दी. पुलिस ने जब तुरंत कार की तलाशी ली, तो उन्हें महिला का शव मिला. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कारंजा के उप-जिला अस्पताल भेज दिया गया.
शुरुआती पूछताछ के दौरान, आरोपी ने बताया कि उसने पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण इस हत्या को अंजाम दिया. हालांकि, पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और कार का निरीक्षण किया है, और घटना से जुड़े खून के नमूने, उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और अन्य वैज्ञानिक सबूत जुटाए हैं.
कारंजा सिटी पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस घटना में कोई और भी शामिल था, और हत्या के असली मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत कैसे हुई है, इसका खुलासा हो सकेगा.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

