नासिक,14 जुलाई(आरएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक में भवाली बांध घूमने गए एक परिवार पर मनचलों ने हमला कर दिया। इन मनचलों ने महिला से छेड़छाड़ की, जिसका परिवार वालों ने विरोध किया। इसके बाद न सिर्फ मनचलों ने महिला के परिवार वालों से मारपीट की, बल्कि 15 किलोमीटर तक कार का पीछा किया। युवकों ने चलती कार पर लोहे की रॉड मारी, जिससें पिछला शीशा टूट गया। घटना का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, नासिक की रहने वाली पूनम भागवत 12 जुलाई को परिवार के साथ भावली घूमने गई थीं। वहां कुछ युवक पहले से थे। आरोपियों ने परिवार की एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की।
जब परिवार ने विरोध किया तो हमलावर उग्र हो गए। उन्होंने भागवत परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद परिवार के लोग वापस लौटने लगे तो आरोपियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। 15 किलोमीटर तक आरोपी पीछा करते रहे।
नासिक के एसपी एसडी स्वामी ने कहा, 12 जुलाई को हुई घटना के आधार पर डकैती, हत्या की कोशिश, छेड़छाड़ और बदतमीज़ी जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी फरार आरोपियों – जिनमें एक आपराधिक रिकॉर्ड वाला व्यक्ति भी शामिल है – का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं। उन्हें पकडऩे के लिए आस-पास के इलाकों में पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

