पटना, 14 जुलाई (आरएनएस)।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पटना में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सेवा और विकास की जिम्मेदारी एक समर्पित कार्यकर्ता नीरज सिन्हा को सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह बांकीपुर की जनता ने उन्हें स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया, उसी तरह नीरज सिन्हा को भी भारी समर्थन देकर विजयी बनाएगी। नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर की जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही उन्हें सेवा का अवसर मिला। भाजपा नेतृत्व ने एक मंडल अध्यक्ष जैसे जमीनी कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर जनता की सेवा का दायित्व सौंपा है। यह भाजपा की कार्यकर्ता आधारित राजनीति का सबसे बड़ा उदाहरण है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनका यह पहला एक दिवसीय प्रवास बांकीपुर का था। उन्होंने कहा कि चूंकि यह मेरा क्षेत्र रहा है, इसलिए क्षेत्र की जनता की अपेक्षा थी कि मैं उनके सामने आऊं। एक कार्यकर्ता और प्रतिनिधि होने के नाते मेरी जवाबदेही थी कि मैं अपने लोगों के बीच खड़ा रहूं। नितिन नवीन ने कहा की जो मेरे पिता स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने संघर्ष कर इस क्षेत्र को सींचा। उनके आशीर्वाद और जनता के विश्वास से ही उन्हें पिछले 20 वर्षों तक लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम करने का अवसर मिला। मेरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और जनता ने ही मुझे काम करना सिखाया है। आज मैं जिस मुकाम पर हूं, उसमें बांकीपुर की जनता के आशीर्वाद का सबसे बड़ा योगदान है। नितिन नवीन ने नीरज सिन्हा को जनसंघ काल के कार्यकर्ता परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि वे एक ऐसे युवा हैं जिन्हें क्षेत्र के लोग समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जानते हैं। भले ही उनकी पहचान बहुत बड़ी न हो, लेकिन जिस क्षेत्र में वे काम करते हैं, वहां उनकी सेवा बहुत बड़ी है। वे हर व्यक्ति की समस्या के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि बांकीपुर की जनता का वही स्नेह और आशीर्वाद नीरज सिन्हा को भी मिलेगा। _नीरज सिन्हा बांकीपुर के लोगों के भाई और बेटे बनकर समर्पण और सेवा भाव से क्षेत्र की सेवा करेंगे और विकास की यात्रा को नई गति देंगे । पिछले 20 वर्षों के कार्यकाल और 5 वर्षों के मंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बांकीपुर में पार्क, सामुदायिक भवन, सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि वेंडिंग ज़ोन और कम्युनिटी टॉयलेट जैसी सुविधाएं भी सरकार के विजऩ का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि पटना नगर निगम ने बिहार का पहला सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का सफल टेंडर किया है। इससे शहर की सफाई और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी बांकीपुर उनके लिए प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहाकि पार्टी ने मुझे राज्यसभा में अवसर दिया है। सांसद के रूप में मेरी जो भूमिका रहेगी, उसमें भी बांकीपुर मुझसे दूर नहीं रहेगा। बांकीपुर के विकास का संकल्प नितिन नवीन के साथ हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में टीम के साथ मिलकर ज्वलंत मुद्दों के समाधान और लोगों को बेहतर जीवन देने का प्रयास किया गया है। अब नीरज सिन्हा उसी विरासत को आगे बढ़ाएंगे। नितिन नवीन ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि बांकीपुर निश्चित रूप से बिहार में सर्वांगीण विकास का उदाहरण बनेगा और इस संकल्प को नीरज सिन्हा पूरी निष्ठा के साथ पूरा करेंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

