विकासनगर,14 जुलाई (आरएनएस । ग्राम पंचायत अटक फार्म के वार्ड नंबर-छह की सड़क जर्जर होने से स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, कंपनी के श्रमिकों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के निर्माण की मांग ग्राम प्रधान और संबंधित विभागों से की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। बारिश के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कंपनी के श्रमिक, स्कूली बच्चे और ग्रामीण आवाजाही करते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासी अशोक सिंह, पंकज कुमार, सुमित पंवार, राजेश सिंह, सुरेश कुमार, पार्वती नेगी और सविता देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं, ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर-6 की सड़क का निर्माण जिला पंचायत और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से प्रस्तावित है तथा इसका कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

