0-3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद, संकरी गलियों में भी नहीं हुई कोई अप्रिय घटना
धमतरी, 17 जुलाई (आरएनएस)। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा धमतरी जिले में शुक्रवार को श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने पूरे आयोजन के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई। इसके चलते करीब तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

रथयात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, महिला पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों की रणनीतिक तैनाती की गई थी। शहर की संकरी एवं तंग गलियों से होकर गुजरने वाली रथयात्रा को देखते हुए पुलिस ने पहले से विशेष सुरक्षा योजना तैयार की थी। लगातार निगरानी और प्रभावी समन्वय के चलते भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रही।
पुलिस के अनुसार, रथयात्रा के दौरान चाकूबाजी, जेबतराशी, भगदड़ या किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी घटना नहीं हुई। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में दर्शन एवं रथयात्रा में शामिल होने का अवसर मिला।
धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतत मुस्तैदी के कारण पूरा धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासित भीड़ प्रबंधन और सेवा भावना की सराहना की।
इसी प्रकार कुरूद एवं नगरी अनुभाग में भी संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जहां स्थानीय पुलिस बल ने प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, थाना प्रभारी कोतवाली राजेश जगत, थाना प्रभारी अर्जुनी चंद्रकांत साहू, उप निरीक्षक खेमराज साहू, आर.के. साहू, बी.आर. सिन्हा, थाना प्रभारी रुद्री सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह भविष्य में भी प्रत्येक धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजन में इसी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध रहेगी।
0

