0 पुनर्वास योजना के तहत एसएसपी ने किया सम्मानित
0 एक लाख की इनामी टेटकी उर्फ उर्मिला गावड़े ने माओवादी संगठन छोड़ मुख्यधारा में लौटने का चुना रास्ता
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 17 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत आत्मसमर्पण करने वाली एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली टेटकी उर्फ उर्मिला गावड़े को शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह (आईपीएस) ने प्रदान की।
पुलिस के अनुसार, टेटकी उर्फ उर्मिला गावड़े रावघाट एलओएस (रुह्रस्) की सदस्या रही है। उसने माओवादी संगठन की विचारधारा से मोहभंग, संगठन के भीतर उपेक्षा, आंतरिक मतभेद तथा ग्रामीण और आदिवासी नागरिकों पर हो रहे अत्याचार से आहत होकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस ने बताया कि शासन की पुनर्वास नीति तथा पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रयास और जनसंपर्क अभियान से प्रभावित होकर उसने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर एसएसपी वाई.पी. सिंह ने कहा कि शासन की पुनर्वास नीति का उद्देश्य भटके हुए युवाओं और नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने आत्मसमर्पित महिला नक्सली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि पुनर्वास योजना के तहत नियमानुसार मिलने वाली अन्य सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पुलिस का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आत्मसमर्पण और पुनर्वास की नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा ऑपरेशन प्रयास के माध्यम से अधिक से अधिक नक्सलियों को हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

